संवाददाता बरही
बरही (हजारीबाग): झारखंड सरकार द्वारा लागू 38 घंटे के लॉकडाउन का बरही में असर देखा गया। बरही चौक समेत हजारीबाग रोड, धनबाद रोड, गया रोड व तिलैया रोड में सन्नाटा पसरा रहा। सभी लोग अपने-अपने घरों में दिखाई दिए। वही सभी दुकाने भी बंद दिखी। वही बरही के अलावा रसोईया धमना मोड, करियातपुर चौक, बरसोंत चौक व देवचंदा मोड में भी लॉकडाउन का असर देखा गया, वहां भी सभी दुकाने बंद दिखी। प्रशासन दिनभर सड़कों पर उतरा दिखा। बता दे कि झारखंड राज्य सरकार कोरोना के चैन को तोड़ने के लिए व झारखंड को अनलॉक की ओर ले जाने के लिए 38 घंटे का पूरे राज्य में लॉकडाउन लागू किया है। जो शनिवार की शाम चार बजे से सोमवार 14 जून की सुबह छह बजे तक प्रभावी रहेगा। इस अवधि में सब्जी, फल, दूध, मिठाई व किराना की दुकान सहित सभी दुकानें बंद रहेंगी। आवागमन भी बंद रहेगा। बहुत जरूरी न हो तो घरों से बाहर नहीं निकलें। निजी वाहनों सहित सभी तरह के आवागमन बंद रहेंगे। सिर्फ मालवाहक वाहनों को छूट दी गई है। विशेष परिस्थिति में या स्वास्थ्य कारणों से अस्पताल जा रहे लोगों को छूट दी गई है। स्वास्थ्य सेवाओं और आवश्यक सेवाओं से संबंधित प्रतिष्ठान, पेट्रोल पंप, सीएनजी व एलपीजी आउटलेट्स, हाइवे के बगल के ढाबे, कोल्ड स्टोरेज व वेयर हाउस खुले रहेंगे। आदेश के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित व्यक्ति पर आपदा प्रबंधन अधिनियम की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज होगी। इस अवधि में निजी वाहनों के संचालन पर भी पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। ई पास रहने पर भी वाहनों को रोका जा सकता है। विशेष परिस्थिति में अनुमति जरूरी होगी।