मामला कसमार थाना क्षेत्र के सुरजूडीह गांव का
बोकारो से जय सिन्हा
बोकारो/ कसमार : धनबाद जिले के गोविदपुर से आये बारात सहित दूल्हे को बिना शादी किए ही वापस लौटना पड़ा। पता चला है कि शादी की रस्म पूरा करने के दौरान ही दूल्हा लड़की के घर में ही बेहोश हो गया है। इसके बाद दूल्हे से दुल्हन ने शादी करने से इन्कार कर दिया। जिससे दुल्हे को बगैर दुल्हन ही वापस लौटना पड़ा। मामला कसमार थाना क्षेत्र के सुरजूडीह गांव का है। धनबाद जिले के गोविदपुर से शादी करने कसमार आए दूल्हा के साथ ऐसी घटना हुई है।बरात रात को कसमार पहुंचने के बाद देर रात लगन की रस्म अदायगी पूरी हुई.इसके बाद दूल्हा कुर्सी पर बैठे-बैठे गिरकर कुछ देर लिए अचेत हो गया. लड़की पक्ष वालों ने स्थानीय प्रैक्टिशनर को बुलाकर दिखलाया, तो उसने दूल्हे को मिर्गी रोग का लक्षण बताया। वहीं, दूल्हा पक्ष वालों का कहना है कि मिर्गी की बीमारी नहीं है। बल्कि शादी की रस्म के लिए दूल्हा उपवास रखा था।