गुमला: उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में गुमला जिलांतर्गत तकनीकि विभागों द्वारा संचालित एवं कार्यान्वित योजनाओं के तहत कार्यों के प्रगति की समीक्षा हेतु बैठक आईटीडीए भवन स्थित उपायुक्त के कार्यालय कक्ष में की गई।
उपायुक्त ने भवन प्रमंडल के कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में कि भवन प्रमंडल द्वारा 46 योजनाओं में से पूर्व माह में 16 योजनाएं व वर्तमान माह में 04 योजनाएं पूर्ण पाई गई तथा शेष 26 योजनाओं में कार्य अपूर्ण पाए गए। उपायुक्त ने बसिया अनुमंडल कार्यालय के निर्माण कार्य के प्रगति की समीक्षा की। पाया गया कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के उपरान्त कार्यालय भवन हस्तार्पित कर दिया गया है। वहीं बताया गया कि बेंदोरा चैनपुर अनुमंडल कार्यालय का निर्माण कार्य अपने अंतिम चरणों पर है। आवंटन प्राप्त नहीं होने के कारण कार्य लंबित है। इसपर उपायुक्त ने शेष कार्यों को अक्तूबर माह तक पूर्ण करने का निर्देश दिया।
झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड की समीक्षा के क्रम में पाया गया कि निगम के 06 योजनाओं का कार्य अवरूद्ध है। 04 योजनाओं का कार्य रद्द किया गया है। 03 योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति हेतु भेजा गया है। 03 योजनाओं में निविदा की कार्रवाई की जा रही है तथा 01 योजना में डीपीआर बनाने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं के.ओ.कॉलेज में 1500 की क्षमता वाले मल्टीपर्पस परीक्षा हॉल के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा के क्रम में पाया गया कि शौचालय तथा विद्युत संबंधी कार्य अपने अंतिम चरण पर है। जाँच टीम द्वारा निर्माण कार्य की जाँच भी कर ली गई है। इसपर उपायुक्त ने बचे हुए सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा के अंतर्गत पूर्ण करने का निर्देश दिया।
लघु सिंचाई प्रमंडल के कार्यों की समीक्षा के क्रम में पाया गया कि लघु सिंचाई प्रमंडल के 19 योजनाएं अपूर्ण हैं। इसपर लघु सिंचाई प्रमंडल द्वारा बताया गया कि उक्त 19 में से 18 विशेष केंद्रीय सहायता योजनाएं हैं तथा 01 अनाबद्ध निधि से संबंधित योजना है। आकांक्षी जिला योजनांतर्गत सभी कार्य पूर्ण होने की जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि सभी 19 योजनाएं बरसात के कारण पूर्ण नहीं हो पाई हैं। इसपर उपायुक्त ने योजनाबद्ध तरीके से सभी अपूर्ण कार्यों को पूर्ण करने का निर्दश दिया।
बैठक में उपायुक्त ने जिला परिषद के कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में पाया गया कि जिला परिषद के द्वारा 51 योजनाओं में से 45 व वर्तमान माह में 01 योजना पूर्ण कर ली गई है। वहीं शेष 05 योजनाएं अपूर्ण पाई गई। इसके साथ ही उपायुक्त ने सदर प्रखंड के पुगु में निर्माणाधीन आरटीपीसीआर केंद्र के कार्य की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की। जिला अभियंता द्वारा बताया गया कि वर्तमान में प्लास्टर कार्य संचालित है। इसपर उपायुक्त ने निर्माण कार्य यथाशीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उपायुक्त ने जिला अभियंता को नगर परिषद क्षेत्रांतर्गत खराब पाईपलाईनों की मरम्मति सुनिश्चित करते हुए निर्बाध जलापूर्ति की व्यवस्था बहाल करने का निर्देश दिया।
बैठक में आरईओ विभाग के कार्यों की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता को आरईओ द्वारा निर्मित एवं मरम्मत किए गए पथों की सूचि उपायुक्त कार्यालय में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने करमटोली, बांसडीह से टांगीनाथ जाने वाली मुख्य पथ का निर्माण करने का निर्देश दिया।
बैठक में उपायुक्त ने पीएचईडी विभाग के कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में कार्यपालक अभियंता द्वारा बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2020-21 में माननीय विधायक की अनुशंसा पर प्रति पंचायत 05-05 नलकूप निर्माण हेतु 795 निर्धारित लक्ष्य के विरूद्ध 425 नलकूपों का निर्माण किया गया है। शेष में कार्य प्रगति पर होने की जानकारी दी गई। कल्याण विभाग से प्राप्त राशि से 03 वृहत ग्रामीण जलापूर्ति योजनाएं एवं 30 अदद लघु जलापूर्ति योजनाएं संचालित हैं। जिसमें से 30 लघु ग्रामीण पाईप जलापूर्ति योजना पूर्ण है। 01 बड़ी योजना पर गम्हरिया में कार्य प्रगति पर है। 02 वृहत जलापूर्ति योजनाएं आंजन एवं डुमरी का पुनरक्षित प्राक्कलन मुख्यालय में समर्पित होने की जानकारी दी गई। इसपर उपायुक्त ने बचे हुए कार्यों को भी शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया।
उपस्थिति
बैठक में उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा, उप विकास आयुक्त संजय बिहारी अंबष्ठ, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद सह सदर अनुमंडल पदाधिकारी रवि आनंद, प्रभारी पदाधिकारी जिला विकास शाखा मोनिका रानी टूटी, कार्यपालक अभियंता विशेष प्रमंडल/ एनआरईपी अमरेंद्र कुमार, कार्यपालक अभियंता पीएचईडी मंतोष कुमार मणि, कार्यपालक अभियंता विद्युत प्रमंडल सत्यनारायण पातर, जिला अभियंता जिला परिषद, भवन प्रमंडल शिवशंकर राम, कार्यपालक अभियंता गुमला, चैनपुर-01/02, लघु सिंचाई प्रमंडल के प्रतिनिधि, कार्यालय अधीक्षक शशि कुमार मिश्रा व अन्य उपस्थित थे।