कुंडहित : चक्रवात गुलाब के असर से कुंडहित प्रखंड में मिट्टी के कच्चे घरों को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रखंड क्षेत्र में घरों के ढहने का सिलसिला जारी है। गुरुवार की शाम को प्रखंड के भेलुवा पंचायत अंतर्गत हरिनारायणपुर गांव में एक घर ढह गया। जानकारी के अनुसार हरिनारायणपुर निवासी रविलाल पाल का घर गुरुवार की शाम को ढह गया। जिससे रविलाल और उसके परिवार के समक्ष भारी मुसीबत खड़ी हो गई है। भुक्तभोगी रविलाल द्वारा स्थानीय प्रशासन को आवेदन देकर सहायता की गुहार लगाई गई है। रविलाल ने बताया कि उसके पास रहने के लिए कोई दूसरा घर नहीं है। उल्लेखनीय है कि चक्रवात गुलाब के असर से कुंडहित क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण बड़े पैमाने पर मिट्टी के घरों के ढहने की खबरें मिल रही है। अभी तक दर्जनों घरों के ढहने की खबर प्रशासन तक पहुंची है। सभी भुक्तोंभोगियों द्वारा सहायता की गुहार लगाई गई है। फिलहाल प्रखंड क्षेत्र में घरों के ढहने का सिलसिला बदस्तूर जारी है।