रामगढ़: सोमवार को अनुमंडल पदाधिकारी कीर्ति ने समाहरणालय सभागार में जिला आपूर्ति कार्यालय द्वारा किए जा रहे कार्यो की समीक्षा की। बैठक के दौरान सबसे पूर्व अनुमंडल पदाधिकारी ने पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देशों के तहत हुए कार्यों की जानकारी ली।
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुदर्शन मुर्मू ने अनुमंडल पदाधिकारी को जानकारी दी कि वर्तमान में जन वितरण प्रणाली की दुकानों की संख्या 666 है, जिनमें से 631 दुकाने ऑनलाइन मशीन के द्वारा राशन का वितरण करती हैं। इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी ने जल्द से जल्द बाकी बचे दुकानों को ऑनलाइन माध्यम से जोड़ने का निर्देश दिया।
अनुमंडल पदाधिकारी ने झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के तहत लोगों को उपलब्ध कराई जा रही ग्रीन राशन कार्ड की जानकारी लेते हुए ज्यादा से ज्यादा योग्य लोगों को राशन कार्ड के माध्यम से लाभ देने का निर्देश दिया।
अनुमंडल पदाधिकारी ने लाभुकों के राशन कार्ड को आधार कार्ड से जोड़ने के तहत किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए जल्द से जल्द सभी राशन कार्ड को आधार कार्ड से जोड़ने का निर्देश दिया।
अनुमंडल पदाधिकारी ने जिले में गरीब कल्याण योजना के तहत कोरोना काल में योग्य लोगों को उपलब्ध कराए गए राशन की जानकारी लेते हुए सभी योग्य लोगों को राशन देने का निर्देश दिया। इसके साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी ने बैठक के दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी को अन्नपूर्णा योजना के माध्यम से भी योग्य लोगों को लाभ देने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी, पणन पदाधिकारी पतरातु, सहायक जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रामगढ़, आपूर्ति कार्यालय के कर्मियों आदि उपस्थित थे।