खूंटी: खूंटी जिले में महिला मंडल की दीदियों ने बड़ी संख्या में आम बागवानी किया है। इस सीजन आम की बम्पर पैदावार हुई। खुंटी मारंगहादा क्षेत्र की महिलाओं के समूह की तीन महिलाओं ने रांची आकर कृषि मंत्री बादल पत्रलेख को टोकरी भरकर आम भेंट किया। कृषि मंत्री खूंटी की महिलाओं से आम बागवानी के तहत की गई खेती के फल पाकर बेहद प्रसन्नचित नजर आए। महिलाओं ने मंत्रीजी को बताया कि वे बिरसा मुंडा आम बागवानी, मनरेगा और अन्य सरकारी योजनाओं के तहत प्रदान के सहयोग से बड़े पैमाने पर आम की बागवानी की हैं। आम्रपाली, दशहरी और मल्लिका वेराइटी की आम महिलाओं के लिए आर्थिक सशक्तिकरण का सबब बनता जा रहा है।
खूंटी की महिलाओं ने आम बागवानी कर 40-50 हजार से एक-डेढ़ लाख तक की आमदनी की है। खूंटी जिले में महिलाओं ने 100 मीट्रिक टन से ज्यादा आम की बिक्री थोक और खुदरा बाजार में की है। लगातार आम बागवानी से बेहतर उत्पादन होने से महिलाएं अब आर्थिक रुप से सबल बनती जा रही हैं। महिलाओं ने कृषि मंत्री को बताया कि एक माह बाद गेंदा फूल की खेती भी महिलाएं प्रदान के सहयोग से बड़े पैमाने पर करेंगी और दीपावली तथा छठ में खूंटी, रांची और समीप के जिलों में गेंदा फूल का निर्यात भी वृहत पैमाने पर करेंगी।
कृषि मंत्री बादल पत्रलेख से मिलकर प्रदान संस्था में कार्यरत सहयोगियों ने खूंटी, गुमला जिले समेत राज्यभर में उन्नत तकनीक आधारित कृषि, बागवानी, बाजार प्रबंधन और एफपीओ को अधिकाधिक सशक्त बनाने पर विस्तारपूर्व चर्चा की। वनोत्पाद और कृषि उत्पादों का उचित मूल्य किसानों को कैसे मिले इसपर भी विचार विमर्श किया गया। कार्यक्रम में प्रदान संस्था के राजीव रंजन, देवांजन घटक, विजय वीरु, प्रीति वोरा और खूंटी जिले के मारंगहादा बरटोली की महिला कृषक मुनिया देवी, पुनिया देवी तथा राजोबाला देवी शामिल थी।