– उद्घाटन समारोह में मौजूद रहे डीआईजी समेत गोड्डा, देवघर, साहिबगंज एवं पाकुड़ के एसपी
गोड्डा : जिला मुख्यालय के ऐतिहासिक गांधी मैदान में गुरुवार से तीन दिवसीय संथाल परगना क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता 2021 का आगाज हुआ। प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन संथाल परगना के डीआईजी सुदर्शन प्रसाद मंडल, पुलिस अधीक्षक गोड्डा वाईएस रमेश, पुलिस अधीक्षक पाकुड़ एचपी जनार्दन, पुलिस अधीक्षक देवघर धनंजय कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक साहिबगंज अनुरंजन किस्पोटा, अनुमंडल पदाधिकारी गोड्डा ऋतुराज सहित अन्य की गरिमामयी उपस्थिति में गुब्बारा छोड़कर, बिगुलर द्वारा बिगुल वादन एवं संथाल परगना क्षेत्रीय ध्वजारोहण तथा पटाखेबाजी कर किया गया।
उद्घाटन समारोह के मौके पर डीआईजी श्री मंडल द्वारा कार्यक्रम में मौजूद सभी को संथाल परगना क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता 2021 की शपथ दिलायी गई कि “हम शपथ लेते हैं कि संथाल परगना क्षेत्रीय पुलिस खेल-कूद प्रतियोगिता- 2021 में सभी नियमों का पालन करते हुए प्रतियोगिता में सच्ची भावना से भाग लेंगे और अपनी संस्था के सम्मान लिए उसमें सम्मिलित होने के लिए इच्छुक हैं”। इस प्रतियोगिता में संथाल परगना प्रमंडल के 6 जिले, साहेबगंज, गोड्डा, दुमका, जामताड़ा, देवघर और पाकुड़ पुलिस जवान के महिला एवं पुरुष टीम भाग ले रही है। 28 से 30 नवंबर 2021 तक चलने वाले तीन दिवसीय संथाल परगना क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता 2021 में एथेलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, हैंडबॉल, कुश्ती, ताइक्वांडो, कबड्डी, तीरंदाजी, योगा, हॉकी इत्यादि खेल खेला जाएगा। प्रतियोगिता के पहले दिन एथलेटिक्स में पुरुष एवं महिला वर्ग का 200 मीटर का रेस हुआ। साथ ही बास्केटबॉल, हैंडबॉल, वॉलीबॉल का खेल खेला गया। पहले दिन एथलेटिक्स में पुरुष एवं महिला वर्ग के 200 मीटर के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में मंच का संचालन अबुल कलाम आजाद कर रहे थे। मौके पर जिला खेल पदाधिकारी राहुल कुमार, सार्जेंट मेजर संदीप कुमार, जिला ओलंपिक संघ के संयोजक देवाशीष कुमार झा, कुश्ती संघ एवं हॉकी संघ के सचिव सुरजीत झा, फुटबॉल संघ के सचिव अबुल कलाम आजाद, सह सचिव संतोष निराला, कबड्डी संघ के सचिव शक्ति कुमार एवं कोषाध्यक्ष प्रियव्रत परमेश, एथलेटिक्स संघ के सह सचिव पुनीत कुमार सिंह, फुटबॉल रेफरी अनिल सावैया सहित अन्य उपस्थित थे।