– पुलिस ने जगह-जगह किया फ्लैग मार्च
गोड्डा/पथरगामा: मुर्रहम पर्व पर विधि व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सजग है। जिला में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। विभिन्न स्थानों पर 500 से अधिक पुलिस बल एवं पदाधिकारी की तैनाती की गई है। 136 स्थानों पर दंडाधिकारी के साथ स्टैटिक फोर्स की तैनाती पर्व को लेकर की गई है।
गुरुवार को पुलिस बल के जवानों ने जगह जगह फ्लैग मार्च किया। असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ, आपत्तिजनक एवं अफवाह फैलाने वाले पोस्ट करने पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी।
मुहर्रम पर्व पर विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए गुरुवार को जिला मुख्यालय में पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। पथरगामा में भी अंचलाधिकारी संतोष बैठा एवं थाना प्रभारी बलिराम रावत की अगुवाई में पुलिस जवानों के द्वारा थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। थाना प्रभारी बलिराम रावत ने बताया कि फ्लैग मार्च पथरगामा बाजार के अलावे पड़वा , बेलसर, रानीपुर सियारडीह, काला डुमरिया चौरा ,माछीताड़, फसिया, सुरनिया का भ्रमण किया। फ्लैग मार्च में एसआई संतोष कुमार यादव, एएसआई मंतोष चौधरी, सुरेश पाहन, आईडी मिश्रा सहित पुलिस के जवान शामिल थे।