खूंटी: खूंटी में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दिलीप सेकिया का आज खूँटी में भव्य स्वागत किया गया। ढोल नगाड़ों की थाप पर खूँटी मेन रोड में भाजपा कार्यकर्त्ता अपने झारखण्ड प्रभारी के स्वागत में थिरकते नजर आए। सैकड़ों भाजपाईयों ने नेताजी सुभाष चौक से स्वागत करते हुए भगतसिंह चौक तक नारेबाजी करते हुए नेता द्वय का नगर में पैदल मार्च कराया। इस दौरान रौनियार वैश्य समाज के अध्यक्ष संजय गुप्ता सहित महिला मण्डल की कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्र व माला देकर स्वागत किया। साथ ही, दिलीप सेकिया, अर्जुन मुण्डा और निलकनरः सिंह मुण्डा ने सुभाष चौक और सरदार भगत सिंह चौक की आदमकद प्रतिमा में माल्यार्पण किया।
लेकिन भाजपा के इस स्वागत कार्यक्रम में भी खूंटी के भाजपाई दो गुटों में बंटते नजर आए। खूंटी में भाजपा के दो गुटों की दूरी स्वागत कार्यक्रम में साथ साथ रहकर भी दूर दूर दिखाई दे रही थी। कारण चाहे जो भी हो खूंटी में भाजपा की अंदरूनी खेमेबाजी अब धीरे धीरे फर्श पर दिखने लगी है। ऐसा इसलिए कहा जा सकता है कि स्वागत राष्ट्रीय महामंत्री सह झारखण्ड प्रभारी दिलीप सेकिया का हो रहा था लेकिन नारे स्थानीय विधायक जिंदाबाद के लग रहे थे। अतिथि सत्कार में भी जब गुटबाजी हावी हो तो समझ जा सकता है कि साथ साथ खूंटी की सड़कों पर चलते हुए भी विधायक, सांसद अपनी अपनी राह बनाने में जुटे हैं। कुछ वरिष्ठ भाजपाई खेमेबाजी को पाटना भी चाहते हैं लेकिन वक्त वक्त पर न चाहते हुए भी खूंटी भाजपाईयों की गुटबाजी गुटों में बंट ही जाती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि आनेवाले समय मे भाजपा की गुटबाजी किस खेमे के लिए हितकर साबित होगी।
स्वागत कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष चन्द्रशेखर गुप्ता, विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा, जिला सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार, विधायक प्रतिनिधि काशीनाथ महतो, जगन्नाथ मुण्डा, छोटराय मुण्डा, सुरेश जायसवाल, भीमसिंह मुण्डा, महावीर राम, राजेश महतो, चन्दन महतो, मुकेश महतो, प्रकाश महतो, जगन्नाथ महतो, संजय गुप्ता, दिलीप सिन्हा, मुनि महादेव मुण्डा, संजय सिंह सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।