ऑटो चालक सहित छह लोग हुए जख्मी
गुमला से बसंत गुप्ता
गुमला : गुमला रायडीह मुख्य मार्ग में महुआटोली के समीप टेंपो और बाइक के बीच सीधी भिड़ंत में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि ऑटो चालक सहित छह लोग जख्मी हो गए। मृतकों में बिरकेरा निवासी 28 वर्षीय निक्की कुजूर और 30 वर्षीय निर्मल एक्का शामिल है। घटना शनिवार रात्रि करीब 7:30 बजे की है। दुर्घटना में ऑटो चालक सहित कुल 6 लोग बुरी तरह जख्मी हो गए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम हेतु देर रात गुमला भेज दिया है। रविवार को दोनों के शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। वहीं दुर्घटना में जारी निवासी रोड़ी किंडो, पवन मींज, लॉरेंस कुजूर, सुमंत बड़ाईक, गणेशपुर डिपो निवासी संगीता मिंज सहित ऑटो चालक घायल हो गए। ऑटो चालक के नाम का पता नहीं चला है। जानकारी के अनुसार, हॉकी मैच खेलकर 5 लोग ऑटो से अपने घर लौट रहे थे, वही विपरीत दिशा से एक मोटरसाइकिल में दो युवक और एक किशोरी गुमला की ओर आ रहे थे। इसी क्रम में महुआटोली के समीप ऑटो और बाइक के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार बिरकेरा निवासी निक्की कुजुर और निर्मल एक्का की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों को सर पर गंभीर चोट पहुंची थी और हेलमेट नहीं पहन रखा था। वही बाइक सवार किशोरी गुमला निवासी संगीता मिंज जख्मी हो गई जबकि ऑटो में सवार ऑटो चालक सहित 5 युवक भी जख्मी हुए। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और रात्रि करीब 9:30 बजे सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना में संगीता मींज और सुमंत बढ़ाईक को गंभीर चोट पहुंची है। डॉक्टर द्वारा सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है। घटना की सूचना पर मृतक के परिजन गुमला पहुंचे। सभी का रो रोकर बुरा हाल है