– महागामा में एसडीओ ने दिलाई संविधान की प्रस्तावना की शपथ
जावेद अख्तर की रिपोर्ट
हनवारा: भारत में हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस बड़ी धूम-धाम के साथ मनाया जाता है। साल 1949 में इस दिन ही भारतीय संविधान बनकर तैयार हुआ था। इसी कड़ी में महागामा अनुमंडल के अधिकारियों व कर्मचारियों ने संविधान दिवस की शपथ ली। महागामा अनुमंडल कार्यालय परिसर में अनुमंडल अधिकारी जितेंद्र कुमार देव ने सभी को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कर शपथ दिलाई। उन्होंने सभी लोगों से संविधान के महत्व को जानने और उसे आत्मसात करने को कहा। श्री देव ने कहा कि देश का संविधान विश्व में सर्वोच्च है। देश की आजादी के बाद सबसे बड़ा कार्य था देश को एक मजबूत संविधान प्रदान करना जिसका मसौदा डॉ बीआर अंबेडकर ने तैयार किया। दुनिया के अलग-अलग देशों के संविधान की खास चीजों को भारतीय संविधान में मिलाकर एक मजबूत और निष्पक्ष संविधान बनाया गया। इसे बनने में दो साल 11 महीने और 18 दिन का समय लगा। 26 नवंबर 1949 को इसे देश को समर्पित किया गया। 26 जनवरी 1950 को इसे अमल में लाया गया। उन्होंने कहा कि संविधान को बनाने में हर वर्ग का विशेष ध्यान रखा गया। इसकी प्रस्तावना पढ़ने से ही इसके महत्व को जाना जा सकता है। उनहोंने संविधान में दी गई प्रस्तावना का कड़ाई से पालन करने एवं संविधान की गरिमा बनाए रखने को कहा। सभी से अपने दायित्वों और कर्तव्यों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से पालन करने को कहा। उन्होंने कहा कि मौलिक कर्तव्यों के लिए जागरुकता फैलानी होगी। उन्होंने समाज के निर्बल वर्गों को मुख्य धारा से जोड़ने के लिए सभी से मिलकर काम करने को कहा।