सदर एसडीओ ने किया शिविर का उद्घाटन
कांड्रा से के दुर्गा राव की रिपोर्ट
कांड्रा: सरायकेला खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत सुदूर क्षेत्र नुवागढ़ पंचायत में स्थानीय विधायक एवं झारखंड के परिवहन मंत्री चंपई सोरेन के पहल पर टाटा स्टील रूलर डेवलपमेंट द्वारा एक अस्थाई वैक्सीनेशन सेंटर की स्थापना की गई। नुवागढ़ पंचायत भवन के इस शिविर का उद्घाटन सदर एसडीओ रामकृष्ण कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने बताया सुदूर क्षेत्र होने की वजह से शहर एवं बाजार के निकट के वैक्सीनेशन केंद्रों तक पहुंचने में आम लोगों को कठिनाई हो रही थी।क्षेत्र में बुजुर्ग लोग भी रहते हैं जिन्हें कई तरह की शारीरिक चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। जिसे देखते हुए वैसे तमाम लोगों के लिए इस तरह का आयोजन किया गया है। वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष डॉ शुभेंदु ने बताया विधानसभा क्षेत्र किसानों एवं डेली मजदूरी करने वाले लोगों से भरा पड़ा है। वैसे लोगों एवं उनके परिवारों के लिए यह आयोजन किया गया है। ताकि उन्हें किसी भी दिन का नुकसान नहीं झेलना पड़े। झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार मजदूर और किसानों के हित के लिए कर्तव्य बद्ध है। कार्यक्रम में गम्हरिया अंचल अधिकारी मनोज कुमार, गम्हरिया प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं टाटा स्टील के प्रतिनिधि भी थे।