– नप के अध्यक्ष एवं विशेष पदाधिकारी ने मोहल्ला के घर घर पहुंच कर लोगों को किया जागरूक
गोड्डा:कोरोना को हराने के लिए टीकाकरण ही एकमात्र विकल्प है। बावजूद इसके, जागरूकता के अभाव में या गलत भ्रांतियों के कारण बहुत सारे लोग टीकाकरण करवाने से कतरा रहे हैं। टीकाकरण से कतराने वालों में जहां एक बड़ी आबादी अनपढ़ लोगों की है, वहीं ढेरों पढ़े लिखे लोग भी टीका लगवाने से परहेज कर रहे हैं। टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए शासन के आदेश पर प्रशासनिक महकमा जोर शोर से लगा हुआ है। इस कार्य में विभिन्न खेल संघों एवं सामाजिक संगठनों का भी सहयोग लिया जा रहा है। स्थानीय नगर परिषद क्षेत्र में नगर परिषद के अध्यक्ष एवं कार्यपालक पदाधिकारी भी टीकाकरण को गति देने के लिए जोर शोर से जागरूकता अभियान चला रहे हैं।
कोविड टीकाकरण को लेकर सोमवार को शहर के वार्ड नंबर 1 स्थित रौतारा दुर्गा मंदिर में कैंप लगाया गया। टीकाकरण शुरू होने के पूर्व नगर परिषद के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार उर्फ गुड्डू मंडल ने घर-घर पहुंच कर लोगों को जागरूक किया। इस दौरान नगर परिषद के कार्यपालक अधिकारी राजीव मिश्रा भी साथ थे। अध्यक्ष एवं कार्यपालक अधिकारी ने 45 प्लस लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि टीकाकरण पूरी तरह से सुरक्षित है। हमारे नगर परिषद के सभी जनप्रतिनिधि, अधिकारी व कर्मी ने टीकाकरण लिया है। किसी भी कर्मी की तबीयत खराब नहीं हुआ है। इतना ही नहीं सभी सफाई कर्मियों ने भी टीका लिया है। सभी सुरक्षित हैं। इस दौरान नगर परिषद के कर्मी भास्कर कुमार आदि उपस्थित थे।