27% आरक्षण की मांग को लेकर वैश्य मोर्चा का उपवास
रांची: ओबीसी को 27% आरक्षण देने, वैश्य आयोग का गठन, छोटे व्यवसायियों के 10 लाख रुपये तक के ऋण माफी, वैश्य समाज की भूमि लूट पर रोक एवं वैश्य समाज के नेताओं, अधिकारियों तथा व्यापारियों को षडयंत्र के तहत निशाना बनाने के खिलाफ झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा द्वारा आज रांची के मोरहाबादी मैदान स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के प्रतिमा स्थल पर एक दिवसीय उपवास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वैश्य मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहु एवं कार्यकारी अध्यक्ष हीरानाथ साहु के नेतृत्व में सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक उपवास कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें करीब चार दर्जन से अधिक केंद्रीय पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष और प्रकोष्ठ संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए। उपवास कार्यक्रम शुरु करने से पूर्व राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के चरणों में फूल माला चढ़ा कर आन्दोलन को और धारदार बनाने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर वैश्य मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहु ने कहा कि वैश्य समाज के लोग भी अलग राज्य की लड़ाई में शामिल थे। कईयों ने कुर्बानियां दी हैं, हमलोग भी जेल गये हैं। फिर आज वैश्य समाज की उपेक्षा क्यों की जा रही है। श्री साहु ने कहा कि 27% आरक्षण हमारा संवैधानिक अधिकार है जो जल्द से जल्द मिलना चाहिए, नहीं तो धारा-प्रवाह आन्दोलन जारी रहेगा। इसी कड़ी में आगामी दिसंबर माह में पांचों प्रमंडलीय मुख्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और महामहिम राज्यपाल के नाम स्मार-पत्र सौंपा जाएगा।
इस उपवास कार्यक्रम में मुख्य रूप से वरीय उपाध्यक्ष मोहन साव, संजीव चौधरी, अश्विनी साहु, केंद्रीय उपाध्यक्ष लक्ष्मण साहु, अजित प्रजापति, केंद्रीय महासचिव कपिल प्रसाद साहु, दिनेश्वर मंडल, संगठन महासचिव व प्रवक्ता रोहित शारदा, केंद्रीय सचिव राजेन्द्र मंडल, ह्रदय प्रसाद साहु, शिवनंदन प्रसाद, संगठन सचिव लखन अग्रवाल (गोला), दीपक गुप्ता (रांची), राजधाम साहु (ओरमांझी), राजेश्वर साव (गोमिया), अनिल वैश्य (पंडरा), जगदीश साहु (लोहरदगा), मीडिया प्रभारी राहुल कुमार साहु, केंद्रीय सदस्य नंदकिशोर भगत, भुनेश्वर साव, चिंता देवी, जिलाध्यक्ष रोहित कुमार साहु (रांची), महिला मोर्चा की अध्यक्ष रेनू देवी, कार्यकारी अध्यक्ष नम्रता सोनी, युवा मोर्चा के अध्यक्ष हलधर साहु, श्रीमती गीता देवी राणा, मोहन साहु, कृष्णा साहु, हरिहर साहु, कौलेश्वर साहु शामिल हुए।