पथरगामा : बिहार में जारी पंचायत चुनाव को लेकर सीमावर्ती क्षेत्र का स्थानीय प्रशासन काफी सजग है। बिहार की सीमा से सटे चेक नाका पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। झारखंड एवं बिहार के सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित उरकुसिया चेक नाका पर सोमवार को वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। पथरगामा थाना के पुलिस पदाधिकारी आईडी मिश्रा के द्वारा दो पहिया और चार पहिया वाहन की जांच की गई। वाहन चेकिंग अभियान में डेढ़ दर्जन मोटरसाइकिल एवं तीन बोलेरो के कागजातों की जांच की गई। कागजात सही पाए जाने पर गाड़ी को छोड़ दिया गया। जो मोटरसाइकिल चालक बिना हेलमेट के गाड़ी चला रहे थे, वैसे वाहन चालक को पुलिस ने कड़ी फटकार लगाते हुए चेतावनी दी कि दूसरी बार पकड़े जाने पर फाइन किया जाएगा।कहा कि बिना हेलमेट के वाहन चलाना मौत को आमंत्रण देना है। सुरक्षित वाहन चलाएं एवं सुरक्षित घर पहुंचे। क्योंकि घर पर कोई आपका राह देख रहा है।