दुलमी: सीरु मैं आयोजित बूढ़ा कर्मा सांस्कृतिक कार्यक्रम से उड़ीसा लौट रहे कलाकारों का वाहन रविवार की रात्रि को दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना में सुलोचना कुमारी ग्रुप के मैनेजर दीपक महतो व एक अन्य कलाकार सदस्य गोला में घायल हो गए। घायलों को सीएचसी गोला में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने रिम्स रेफर कर दिया है। जानकारी के अनुसार सीरु से सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न करने के बाद सुलोचना कुमारी ग्रुप के सदस्य दो वाहनों में उड़ीसा लौट रहे थे। बताया जाता है कि एक वाहन में महिला सदस्य और दूसरे वाहन में पुरुष सदस्य बैठे हुए थे। पुरुष सदस्यों को ले जा रहे वाहन ने गोला के चितरंजन सेवा सदन के समीप खड़े एक हाईवा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिससे घटना में दीपक महतो व उनका एक अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पाते ही गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी वह उपाध्यक्ष ब्रह्मदेव महतो अपने कार्यकर्ताओं के साथ सीएचसी गोला पहुंचे। वहां उन्होंने घायलों का हालचाल जाना। प्राथमिक उपचार कर चिकित्सकों ने घायलों को बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया। गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा है कि कलाकारों को बेहतर इलाज मिले इसके लिए मैंने स्वयं चिकित्सकों से बात की है। फिलहाल घायल कलाकारों का इलाज रिम्स में जारी है। मौके पर आजसू प्रखंड अध्यक्ष पंकज कुमार महतो, संजीव राजा सहित कई लोग उपस्थित थे।