टंडवा(चतरा)। जिले के टंडवा थाना क्षेत्र अन्तर्गत किसुनपूर में संचालित क्रशर से उड़ते धूलकण एवं शोर से ग्रामीण परेशान हैं। परेशान ग्रामीणों ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि सुबोध सिंह द्वारा गांव के बीचो-बीच क्रशर संचालित किया जा रहा है, जिससे उडते धूलकणों से सभी ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड रहा है। आगे बताया गया है कि क्रशर सरकारी गाइडलाइनों का उल्लंघन करते हुए संचालित किया जा रहा है। यहां तक की क्रशर में बाउंड्रीवाल या धूलकणों को रोकने के लिए पर्दा भी नहीं लगाया गया है, जिसके कारण घरों में भी धूलकण फैल जा रहा है। वहीं रातभर क्रशर चलाया जाता है, जिससे ग्रामीणों की नींद हराम हो जा रही है। ग्रामीण मनु महतो, करम महतो, जितेंद्र महतो, अरविन्द पाठक, जयशंकर पाठक, विनोद महतो, रविन्द्र प्रजापति, हरिश महतो, महेश महतो सहित दर्जनों लोगों ने उच्चाधिकारियों से संज्ञान लेकर काार्रवाई करने की मांग की है।