जिला प्रशासन द्वारा दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर
उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों तथा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकरियों के साथ परिसदन रामगढ़ में की बैठक
विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम 2022 के तहत हो रहे कार्यो का लिया जायजा
रामगढ़ से वली उल्लाह की रिपोर्ट
रामगढ़: मतदाता सूची पर्यवेक्षक सह आयुक्त उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल कमल जॉन लकड़ा ने रविवार को रामगढ़ जिले का दौरा किया। उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी माधवी मिश्रा ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। जिसके उपरांत जिला प्रशासन रामगढ़ द्वारा लकड़ा को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
श्री लकड़ा ने परिसदन रामगढ़ में मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम 2022 के तहत हो रहे कार्यों के संबंध में उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी रामगढ़ सह अनुमंडल पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह भूमि सुधार उप समाहर्ता रामगढ़ सहित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों के साथ बैठक की।लकड़ा के द्वारा मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम 2022 के तहत प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी तथा स्वीकृति एवं रिजेक्शन के मामलों की जांच की गई।उन्होंने सभी अधिकारियों को मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु कई महत्त्वपूर्ण दिशा निर्देश दिए।
परिसदन रामगढ़ में बैठक के उपरांत लकड़ा के द्वारा चितरपुर, दुलमी एवं रामगढ़ प्रखंड के कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने सुपर चेकिंग के अंतर्गत स्वीकृत एवं रिजेक्ट किए गए आवेदनों का सत्यापन करते हुए अधिकारियों तथा बीएलओ को आवश्यक निर्देश दिए। वहीं उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपस्थित बूथ लेवल पदाधिकारियों, सुपरवाइजर्स सहित अन्य को प्राप्त आवेदनों के सत्यापन तथा ऑनलाइन एंट्री का कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्र पर उपस्थित सभी मतदाताओं युवक-युवतियों से वोटर हेल्पलाइन एप डाउनलोड कराने एवं उन्हें इसके फायदों के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी 23 रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र सह अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद जावेद हुसैन, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी 22 बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र सह भूमि सुधार उप समाहर्ता मनोज कुमार रंजन, उप निर्वाचन पदाधिकारी रामगढ़ डाक्टर मोहम्मद आबिद हुसैन, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी चितरपुर उदय कुमार, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी दुलमी रविन्द्र कुमार एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी रामगढ़ सुधीर कुमार आदि उपस्थित थे।