जामताड़ा से राज किशोर सिंह की रिपोर्ट
जामताड़ा : धनबाद में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर सियासत तेज है। इसे लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष सह जामताड़ा विधायक डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा और अभाविप को ज़िम्मेदार ठहराया है। विधायक अंसारी ने कहा कि भाजपा हेमंत सरकार को बदनाम करने की साजिश कर रही है जो विफल होगी। आगे विधायक ने कहा कि धनबाद की लाठीचार्ज की घटना भाजपा की साज़िश है। डॉ इरफान अंसारी ने धनबाद की लाठीचार्ज की घटना पर धनबाद विधायक राज सिन्हा अपर्णा सेनगुप्ता ढुल्लू महतो पर जम कर बिफरते हुए कहा कि हमारी सरकार रघुबर दास की सरकार नहीं है। भाजपा के के नेता गण ओछी राजनीति से बाज़ आ जाए। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी के नेतृत्व में 2021 का साल रोज़गार एवं युवाओं का साल होगा। आगे विधायक ने कहा कि घटना स्थल पर जो भी लोग मौजूद थे वह या तो भाजपा के कार्यकर्ता थे या एबीभीपी के लोग थे। विधायक इरफान अंसारी ने भाजपा के विधायक राज सिन्हा अपर्णा सेनगुप्ता और ढुलु महतो पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कोरोना काल में भाजपा के सभी विधायक और भाजपा के नेता घर में घुसे हुए थे। तब किसी ने किसी की मदद नहीं की और अब बाहर निकल कर नेतागिरी कर रहे हैं। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने कहा कि इन लोगों ने ज़बरदस्ती पुलिस से उलझने की कोशिश की और नतीजतन यह घटना घटित हो गयी। सरकार को बदनाम करने का काम किया और हमारे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी मामले को गंभीरता से लेते हुए इस में उचित करवाई करेंगे। विधायक ने कहा कि धरना करने की जगह सुनिश्चित होती है आप मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी के घर पर या इरफ़ान अंसारी के घर पर या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर नहीं कर सकते हैं। यहाँ आदिवासी मूल वासियों का राज है यहाँ भाजपा की अराजक सरकार नहीं है।