चतरा/कान्हाचट्टी। जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोल्हैया पंचायत के मनगडा जंगल से पुलिस ने पेड़ से लटका हुआ एक अधेड़ महिला का शव संदेहास्पद स्थिति में बरामद किया है। शव की पहचान नावडीहा गांव निवासी पुनीत भुईयां की 55 वर्षीय पत्नी आंतीया देवी के रूप में की गई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंपने के साथ हत्या है या आत्महत्या, इसकी जांच में पुलिस टीम लग गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा। वहीं परिजनों का कहना है कि आंतीया देवी घर से 5 दिन पूर्व ही बाजार जाने के लिए निकली थी। उसके बाद से वह घर लौटी ही नहीं। काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। सुबह जानवर चराने गए लोगों ने पेड़ से लटकता हुआ शव देख पुलिस को सूचना दी। उसके बाद पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।