रजरप्पा(रामगढ़): रजरप्पा कोयलांचल सहित आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार देर शाम को सुहागिन महिलाओं ने अपने पति के दीर्घायु की कामना के साथ हरितालिका तीज का त्योहार काफी धूमधाम से मनाया। इस दौरान महिलाओं ने अखंड सौभाग्य के लिए निर्जला व्रत कर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना की। सुहागिनों ने एकत्रित होकर विविध परिधानों से लैस होकर पूजन करते हुए पंडित नित्यानंद मिश्र द्वारा शिव-पार्वती की कथा सुनी। साथ ही अखंड सौभाग्यवती बने रहने को लेकर महिलाओं ने पूरे विधि-विधान से पूजा अर्चना की। सुहागिन महिलाओं ने नए-नए वस्त्र धारण कर साज-सिंगार किए और पूजा की थाली को पांच प्रकार के फल व पकवान से सजाकर भगवान की आराधना पूरे भक्तिभाव से की। तीज व्रत को लेकर महिलाओं में काफी उत्साह था। सबसे अधिक उत्साह उन महिलाओं में था जिनका यह पहला तीज का त्योहार था। मान्यता है कि पूजा के पश्चात पूजा स्थल को महिलाओं द्वारा गीत आदि गाकर जगाया जाता है। सो जाने पर पूजा अर्चना का विपरीत प्रभाव पड़ता है। पूजन के पश्चात शुक्रवार सुबह सभी महिलाओं ने भगवान को अर्पित पूजन सामग्री जल में विसर्जित करने के बाद पारण किया।