खूंटीः प्रत्येक वर्ष 9 जून को भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि मनाई जाती है। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू में विशेष पूजन विधि सम्पन्न की जाती है। बिरसा मुंडा के वंशज समेत उलिहातू के ग्रामीण स्नान ध्यान कर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर धूप-अगरबत्ती और माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
भगवान बिरसा मुंडा आदिवासी मुण्डा समुदाय के लिए क्रांतिकारी अगुवा के रूप में जाने जाते हैं। ब्रिटिश काल मे मुंडाओं को संगठित कर भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए आंदोलन किये। बिरसा मुंडा की आंदोलन की बदौलत अंग्रेजों को सीएनटी एक्ट बनाना पड़ा। आज भी बिरसा के वंशज सुखराम मुण्डा समेत गांव के मुण्डा, पहान 9 जून को विशेष पूजा पाठ कर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हैं।
इधर दूसरी तरफ भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू के साथ साथ खूंटी नगर पंचायत क्षेत्र में बने बिरसा पार्क में भी भगवान बिरसा की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। सरायकेला खरसांवा और खूंटी जिले के विभिन्न इलाकों से बिरसाईत खुंटी पहुंचे और पुण्यतिथि पर रणभेरी बजाते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर जिले के वरीय अधिकारी भी खुंटी स्थित बिरसा पार्क में माल्यार्पण किये।