चतरा/इटखोरी/कुंदा/पत्थलगडा। 21 जून को कोविड-19 वैश्विक महामारी के बीच सरकारी निर्देशों का अनुपालन करते हुए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंडों में मनाया गया। कोरोना काल में सातवें योग दिवस की थीम योगा फॉर वेलनेस है। यानी स्वास्थ्य के लिए योग। योगा दिवस पर जिला मुख्यालय के अलावे प्रतापपुर, इटखोरी, मयूरहंड, पत्थलगडा, गिद्धौर, सिमरिया व कुंदा सहित अन्य प्रखंडों में प्रखंड कार्यालयों में सीमित संख्या में तो अधिकतर लोगों ने अपने-अपने घरों में ही योगाभ्यास किया। जानकारों ने बताया कि जब जीवन की आपाधापी, अवसाद और नकारात्मकता हमें विचलित करती है तो योग हमें अपने लक्ष्य के प्रति एकाग्र रहने की आंतरिक शक्ति प्रदान करता है। इटखोरी प्रखंड मुख्यालय के अलावे पितीज भटवा टांड में समाजसेवी मृत्युंजय दांगी के नेतृत्व में जनकल्याण युवा संघ के युवकों ने योगाभ्यास किया। श्री दांगी ने कहा कि सौ रोगों की मात्र एक दवा योग है। वहीं संघ के सदस्य शंभू कुमार दांगी ने कहा कि योग से मन के अवसाद दूर हो जाते हैं और मन शांत हो जाता है। संघ के अध्यक्ष पिंटू कुमार विश्वकर्मा व विजय दांगी ने कोरोना संकट के दौर में शरीर को सशक्त बनाने के लिए योग को आवश्यक बताया। योग से निरोग बनेंगे और निरोगी काया ही जीवन का सच्चा सुख है। सभी ने स्वयं योग करने के साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। कुंदा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सरकारी दिशा निर्देश का अनुपालन करते हुई योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रतापपुर प्रखंड मुख्यालय में बीडीओ मुरली यादव के साथ प्रमुख व अन्य योग कार्यक्रम में हुए शामिल। वहीं ग्रामीण क्षेत्र में आजीविका सखी मंडल की महिलाएं भी निरोग रहने के लिए योगाभ्यास किया। इसी प्रकार पत्थलगडा प्रखंड कार्यालय परिसर में बीडीओ मोनी कुमारी के नेतृत्व में कई ने योग किया। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी विश्व योग दिवस पर योगाभ्यास किया।