विभिन्न राजनीतिक दलों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों अधिकारियों व शिक्षण संस्थानों में भी ऑनलाइन के माध्यम से किया योगासन
महेंद्र कुमार यादव
चतरा: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सोमवार को संपूर्ण चतरा जिला योगमय रहा। योग दिवस पर जिले के राजनीतिक दलों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों सहित शिक्षण संस्थानों में ऑनलाइन के माध्यम से योगासन किया गया। योग दिवस पर श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने अपने आवास पर राजद कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ योगासन किया। वही विधायक किशुन कुमार दास ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्राणायाम किया। जिला मुख्यालय में उपायुक्त दिव्यांशु झा और पुलिस अधीक्षक ऋषभ झा ने योगासन कर लोगों को योग के लिए प्रेरित किया। चतरा और सिमरिया एसडीओ ने अपने कर्मियों के साथ योगासन किया। जबकि चतरा सिमरिया और टंडवा के एसडीपीओ ने अपने कार्यालय परिसर में सहयोगी जवानों के साथ योग किया। जिले के समस्त प्रखंडों के बीडीओ और सीओ के द्वारा भी योगासन करने की सूचना प्राप्त हुई है। इसके अलावा जिला परिषद सदस्य, पंचायत के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य आदि ने भी विधिवत योगासन कर आम लोगों को योग से जोड़ने की सलाह दी। योग दिवस पर एदला गांव निवासी सह भाजपा महिला मोर्चा की सिमरिया मंडल अध्यक्ष शकुंतला देवी ने महिला सदस्यों के साथ योग किया और कहा कि योग मानव जीवन का अंग है। सभी महिलाओं को योग करना चाहिए। मंडल अध्यक्ष दयानिधि सिंह के साथ प्रदेश मंत्री अमित साहू, उपेंद्र सिंह, मारुति नंदन सिंह सहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी योगासन किया। भाजयुमो अध्यक्ष अंकित सिंह के नेतृत्व में प्रखंड के समस्त पंचायतों में मोर्चा सदस्यों ने योग किया और योग को अपनाने की अपील की। इधर उदयन पब्लिक स्कूल में योग दिवस के पर विद्यालय के सभी छात्र एवं छात्राओं को ऑनलाइन के माध्यम से पद्मासन, शीर्षासन, प्राणायम, प्रत्याहार, धारणा आदि जैसे योगा शिक्षक अनुज कुमार के द्वारा कराया गया। योग दिवस पर चतरा डीएवी स्कूल में सामाजिक दूरी के साथ लोगों ने योग किया और कहा गया कि योग मन, आत्मा और शरीर को जोड़ता है। हमें सकरात्मक दिशा में आगे बढ़ाता है।