बोकारो से जय सिन्हा
बोकारो: जिले के सभी प्रखंडों के विभिन्न पंचायतों में सोमवार को आपके अधिकार, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां जिला स्तरीय पदाधिकारियों के अलावा संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचलाधिकारियों की अगुवाई में आन स्पाट दर्जनों मामलों का निष्पादन करके सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया। कार्यक्रम का आयोजन *चास प्रखंड के माराफारी पुनर्वास, चंदनकियारी प्रखंड के बड़ाजोर पंचायत, गोमिया प्रखंड के करीखुर्द पंचायत, बेरमो प्रखंड के गोविंदपुर डी. पंचायत, नावाडीह प्रखंड के परसबनी पंचायत, चंद्रपुरा प्रखंड के तेलो पू. पंचायत, पेटरवार प्रखंड के तांतरी द. पंचायत, चास नगर निगम के वार्ड संख्या तीन, नगर परिषद फुसरो के वार्ड संख्या तीन में किया गया।
गोमिया प्रखंड के करीखुर्द पंचायत में अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो अनंत कुमार ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशासन व आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो। सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे जनता को मिल सके। उन्होंने कहा इस कार्यक्रम में आपकी समस्याओं का समाधान करने का ऑन द स्पॉट प्रयास किया जा रहा है। कुछ समस्याओं जिनका निष्पादन ऑन द स्पॉट संभव नहीं है,उसे सप्ताह भर में निष्पादित कर दिया जाएगा।
पदाधिकारियों ने पंचायत परिसर में लगे सभी स्टाल का भी निरीक्षण किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों के बीच क्रमवार *जिला स्तरीय, बीडीओ/सीओ एवं प्रखंड स्तरीय अन्य अधिकारियों ने समस्या सुनी। मौके पर विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
आपके अधिकार – आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में जेएसएलपीएस, मनरेगा, खाद्य आपूर्ति, सेवा की गरांटी, सामाजिक सुरक्षा, पेयजल एवं स्वच्छता, कृषि, गव्य एवं पशुपालन आदि विभागों से संबंधित सैकड़ों आवेदन प्राप्त किये गए। जिन्हें क्रमवार आहर्ता अनुरूप निष्पादित किए जाएंगे।