अकबर अली की रिपोर्ट
ललमटिया : थाना क्षेत्र के राजमहल कोल परियोजना के नजदीक बसडीहा पुनर्वास स्थल के पास रविवार की सुबह करीब 20 वर्षीय एक अज्ञात युवक का खून से लथपथ शव बरामद किया गया। शव का सिर पत्थर से कुचला हुआ था।
अज्ञात शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। लोहंडिया और बसडीहा के बीच पुनर्वास स्थल के रैन बसेरा के अंदर पर एक अज्ञात शव मिला। शव के बगल में बड़ा पत्थर रखा हुआ था। शव के सिर पर गंम्भीर चोट के निशान थे।
शव मिलने की सूचना इलाके में फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों द्वारा ललमटिया थाना प्रभारी को सूचित किया गया। ललमटिया थाना प्रभारी ललित कुमार पांडेय दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टपार्टम के लिए गोड्डा भेज दिया।
थाना प्रभारी का कहना है कि शव की पहचान नही हुई है। तफ्तीश जारी है। शव को देखने के बाद ऐसा प्रतीत हो रहा है हत्या की गई है।