नितेश रंजन की रिपोर्ट
पथरगामा: संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर आयोजित भारत बंद को सफल बनाने के लिए सोमवार को कांग्रेस समेत गैर भाजपा विपक्षी दलों के नेता सड़क पर उतरे। बारकोप मोड के पास किसान विरोधी बिल के विरोध में महागठबंधन की तरफ से सड़क जाम किया गया। इसका नेतृत्व कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष ब्रह्मदेव महतो एवं कांग्रेस की महिला मोर्चा की प्रखंड अध्यक्ष सीता देवी कर रहीं थीं। सड़क जाम के कारण अवगामन बाधित रहा। जाम में बोआरीजोर के प्रखंड विकास पदाधिकारी धीरज प्रकाश एवं बसंतराय के प्रखंड विकास पदाधिकारी मुंशी राम आधे घंटे तक जाम में फंसे रहे। पथरगामा थाना के एएसआई आईडी मिश्रा ने जाम कर रहे नेताओं से बात कर दोनों पदाधिकारी की गाड़ी को जाम से निकाला। दोनों प्रखंड विकास अधिकारी ने बताया कि जिला में मनरेगा की बैठक होने की वजह से गोड्डा जा रहे हैं।
इधर सड़क जाम के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस जाम में एंबुलेंस सेवा को बाधित नहीं किया गया था। दिन के 9 बजे से किसान बिल के विरोध में बारकोप मोड़ पर जाम किया गया था। इस मौके पर कांग्रेस प्रखंड उपाध्यक्ष विजय तिवारी, प्रखंड सचिव मोहम्मद अख्तर हुसैन, हरि प्रसाद महतो, रामजीवन सिंह, धनंजय महतो, अरविंद महतो, श्रवण कुमार, बबलू मुर्मू, विजय महतो, बीवी रोशन आदि मौजूद थे।