गढवा से नित्यानंद दुबे की रिपोर्ट
गढवा : जिले के गढ़वा शहर के रंका मोड़ पर बन रहे घंटाघर के विरोध में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा हल्ला बोल प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के नेतृत्व में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी पार्क को चारों तरफ से घेर कर सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
गढ़वा के विधायक व झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के द्वारा गढ़वा के इंदिरा गांधी पार्क में अपने पिता की स्मृति में निजी खर्च से घंटा घर का निर्माण कराया जा रहा है।विरोध प्रदर्शन से एक दिन पहले ही भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश केसरी, पूर्व विधायक सत्येन्द्रनाथ तिवारी सहित कई भाजपा नेताओं ने उपायुक्त को मांग पत्र सौंपा था और 24 घंटे के अंदर कार्य को निरस्त करने का अल्टीमेटम दिया था।
बावजूद इसके प्रशासन के द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गयी। इससे नाराज भाजपा नेताओं ने अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ निर्माण स्थल पर पहुंचकर हल्ला बोल कार्यक्रम के तहत सभा शुरू कर दी।
करीब 12.30 बजे जिला प्रशासन की तरफ से एसडीओ जियाउल हक अंसारी, एस डी पी ओ अवध कुमार यादव, डीसी के पीए चंद्रजीत सिंह ने स्थल पर पहुंच कर प्रदर्शन कर रहे भाजपा नेताओं से वार्ता की, किंतु प्रदर्शनकारी भाजपा नेता पूर्व विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी एवं जवाहर पासवान ने दो टूक शब्दों में कहा कि अगर सरकारी आदेश पर कार्य हो रहा है तो कार्यादेश दिखाया जाय नहीं तो जिला प्रशासन यह लिखित दे कि जिला प्रशासन की स्वीकृति से काम कराया जा रहा है। यदि ऐसा नहीं है तो तत्काल काम बंद कराया जाए।
प्रदर्शन कर रहे लोगों के जिद के आगे प्रशासन की एक नहीं चली और बाध्य होकर जिला प्रशासन के प्रतिनिधिमंडल कार्यक्रम स्थल से वापस चले गए।
एसडीओ जियाउल हक अंसारी ने बताया कि शुक्रवार को गढवा उपायुक्त को आवेदन देकर भाजपा नेताओं ने मामले में जांच कर कार्य को रोकने के लिए आग्रह किया था। आवेदन पर उपायुक्त ने तीन सदस्यों की जाँच टीम बनाई है और जांच करने के बाद काम को रोका जाएगा।
जांच रिपोर्ट आने तक निर्माण कार्य बंद रखने के आश्वासन पर प्रदर्शन शांत हुआ।
इसके बाद भाजपा का प्रदर्शन स्थगित किया गया। प्रदर्शन को स्थगित करने की घोषणा करते हुए पूर्व विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने कहा कि सदर एसडीओ द्वारा जांच रिपोर्ट आने तक निर्माण कार्य को बंद करने का आश्वासन दिया गया है।उन्होंने कहा कि एसडीओ के आश्वासन पर प्रदर्शन स्थगित किया जाता है।अगर इसमें कुछ घालमेल होगा तो भारतीय जनता पार्टी व्यापक धरना प्रदर्शन करेगी तथा किसी भी कीमत में यहां अवैध निर्माण नहीं होने देगी।