– झारखंड सरकार पर लगाया किसान विरोधी होने का आरोप
गोड्डा से अभय पलिवार की रिपोर्ट
गोड्डा : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर शुक्रवार को पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा जिले भर में किसानों के समर्थन में खेतों में एक दिवसीय धरना दिया गया। गोड्डा के भाजपा विधायक अमित मंडल, पार्टी के जिला अध्यक्ष राजीव मेहता, जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी चौबे, कृष्ण कन्हैया, जिला प्रवक्ता बिमंत शाह आदि ने खेतों में उतर कर किसानों के साथ धरना दिया एवं झारखंड सरकार के विरोध में नारे लगाए।
विधायक श्री मंडल ने कहा कि झारखंड सरकार द्वारा पिछले साल किए गए धान क्रय का भुगतान अभी तक नहीं हो पाने के कारण प्रदेश के किसान इस वर्ष फसल लगाने में कठिनाई महसूस कर रहे हैं। पैसे के अभाव में किसानों के पास खाद, बीज नहीं होने के कारण किसान रोहिणी नक्षत्र गुजर जाने के बाद भी धान की बोआई नहीं कर पाए हैं।
भाजपा के जिला अध्यक्ष राजीव मेहता ने झारखंड सरकार पर किसान विरोधी होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि खनिज संपदाओं से संपन्न इस प्रदेश का शोषण हेमंत सरकार एवं उनके परिवार के लोग खनिज संपदाओं का अवैध उत्खनन करवाकर कर रहे हैं। जिससे सरकार को हजारों करोड़ का नुकसान हो रहा है। दूसरी ओर किसानों के धान का भुगतान एक वर्ष से नहीं किया गया है। हेमंत सरकार जल, जंगल,जमीन का नारा देकर यहां के भोले भाले किसान मजदूरों एवं जंगलों में जीवन जीने वाले आदिवासी जनजाति के लोगों को बहलाकर सिर्फ वोट लेती है। किसानों के साथ खेत में एक दिवसीय धरना के माध्यम से भाजपा ने झारखंड सरकार को चेतावनी दी है कि अगर अविलंब किसानों के बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया तो इस प्रदेश में उग्र किसान आंदोलन भाजपा के नेतृत्व में किया जाएगा।
पार्टी के जिला महामंत्री मुरारी चौबे ने कहा कि सरकार किसानों के साथ संवेदनशील हो कर कार्य करे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार में शामिल मंत्री एवं विधायक सिर्फ अपराध तथा भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं।