सरायकेला: सरायकेला कांड्रा मुख्य सड़क पर सरायकेला प्रखंड कार्यालय के निकट बाइक चला रहे युवक राहुल सीट(20) को नींद की झपकी आने से अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे स्थित बोर्ड से जा टकराई।
इस दुर्घटना में बाइक के पीछे बैठे अनंत बेहरा (55) की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद दोनों को सदर अस्पताल सरायकेला लाया गया था। यह खबर आप झारखंड लेटेस्ट न्यूज पर पढ़ रहे हैं। चिकित्सक द्वारा जांचोपरांत अनंत बेहरा को मृत बताया गया। जबकि राहुल सीट का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है, उसे हल्की चोटें आई हैं।
मिली जानकारी अनुसार राहुल सीट मुसाबनी के खड़ीदा गांव का रहने वाला है तथा वह गुजरात के किसी कंपनी में काम करता है। रविवार सुबह वह गुजरात से अपने मामा घर गाजीडीह पहुंचा था। दोपहर को उसके नाना अनंत बेहरा उसके साथ बाइक से अपनी बेटी घर दुगनी जा रहे थे।
इसी बीच यह दुर्घटना हुई। राहुल गुजरात से ट्रेन की सफर से थका हुआ आज ही आया था। संभवतः थकान के कारण ही बाइक चलाते हुए उसे नींद आ गई और यह दुर्घटना घटित हुई।