गोड्डा: मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला आपूर्ति पदाधिकारी वासुदेव प्रसाद की अध्यक्षता में खरीफ विपणन मौसम वर्ष 2021-22 में धान अधिप्राप्ति को लेकर मेहरमा प्रखंड के संबंधित पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा लैम्प्स, पैक्स की तैयारी, किसानों का निबंधन आदि के संबंध में जरूरी दिशा निर्देश दिए गए।बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, महागामा जितेंद्र कुमार देव के द्वारा भी धान अधिप्राप्ति को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
खरीफ विपणन मौसम वर्ष 2021-22 के लिए निर्धारित धान का न्यूनत्तम समर्थन मूल्य के अतिरिक्त राज्य सरकार द्वारा बोनस 110 रुपए प्रति क्विंटल है।
किस्म: साधारण, न्यूनतम समर्थन मूल्य प्रति क्विंटल 1940 रुपए है। न्यूनतम समर्थन मूल्य के अतिरिक्त राज्य सरकार द्वारा भुगतान की जाने वाली बोनस की राशि प्रति क्विंटल 110 रुपए मिलाकर कुल 2050 रुपए प्रति क्विंटल होगा।
किस्म: ग्रेड “ए” का न्यूनतम समर्थन मूल्य प्रति क्विंटल 1960 रुपए निर्धारित है। न्यूनतम समर्थन मूल्य के अतिरिक्त राज्य सरकार द्वारा भुगतान की जाने वाली बोनस की राशि प्रति 110 रुपए प्रति क्विंटल मिलाकर कुल 2070 रुपए प्रति क्विंटल है।
निबंधित किसानों से ही सरकारी मूल्य पर धान की खरीद की जाएगी।निबंधन हेतु आवेदन पत्र प्रखंड कार्यालय में प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, नजदीकी जन वितरण प्रणाली विक्रेता के पास उपलब्ध है। आवेदन पत्र के साथ आवश्यक दस्तावेज की छाया प्रति संलग्न कर प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, नजदीकी जन वितरण प्रणाली विक्रेता के पास जमा कर सकते हैं।
निबंधन हेतु दस्तावेज
कृषि कार्य हेतु प्रयुक्त भूमि का रकवा ( खाता संख्या एवं प्लाट संख्या सहित ), आधार कार्ड, बैंक पासबुक, पासपोर्ट साईज फोटोग्राफ आवेदन पत्र के साथ संलग्न करना अनिवार्य है।