बसंतराय: प्रखंड मुख्यालय स्थित जेएमएम कार्यालय में बुधवार को बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर झारखंड आंदोलनकारियों ने एक दिवसीय उपवास रखा। इस दौरान सभी आंदोलनकारियो ने बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए उनके शहादत को याद किया। साथ ही झारखंड आंदोलनकारियों को राज्य सरकार द्वारा चिन्हित कार्ड, पेंशन, प्रशस्ति पत्र, चिकित्सा सहित अन्य सुविधा लागू नहीं किए जाने पर चिंता व्यक्त की गई। बैठक में उपस्थित झारखंड आंदोलनकारी मोर्चा के प्रखंड स्तरीय कई नेताओं ने बारी-बारी से अपने अपने विचारों को रखा। झारखंड आंदोलनकारी मोर्चा के नेता इरफान आलम, कृष्णा मुर्मू, किंकर चौहान आदि ने कहा कि झारखंड राज्य को अलग हुए 20 वर्ष बीत जाने के बावजूद राज्य सरकार द्वारा झारखंड आंदोलनकारियों को पेंशन सहित अन्य सुविधा लागू नहीं किया जाना काफी दुखद है। उन्होंने मांग की कि आंदोलनकारियों के लिए जेल की बाध्यता समाप्त किया जाय। साथ ही झारखंड अलग राज्य के आंदोलनकारियों को समान रूप से सम्मान राशि एवं पेंशन दी जाए एवं परिवार के एक सदस्य को सीधे नौकरी देने की व्यवस्था की जाय।उपवास कार्यक्रम में कृष्णा मुर्मू, इरफान आलम, जमालुद्दीन, पंकज कुमार मंडल, दिलीप साह, बाबू पंडित अख्तर शौकत आदि उपस्थित थे।