गिद्धौर(चतरा)। जिले के गिद्धौर प्रखंड मुख्यालय स्थित रामनवमी मेला टांड में 18 मार्च को जिला स्तरीय किसान मेला का आयोजन किया गया। जिसमें फल-फूल सब्जी प्रदर्शनी में किसान तो पहुंचे पर जिलास्तरीय भीड़ नही लगी। मेला का विधिवत उद्घाटन जिला परिषद सदस्य रामलखन दांगी व प्रमुख प्यारी देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित व फीता काटकर किया। इस अवसर पर विशेष रुप से जिला कृषि पदाधिकारी अशोक सम्राट, कृषि विज्ञान केंद्र के प्रधान सह वरीय वैज्ञानिक डॉ. रंजय कुमार सिंह मुख्य रूप से उपस्थित थे। सभी ने किसान मेला में लगे फसल प्रदर्शनी व लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया। किसानों को संबोधित करते हुए जिप सदस्य ने कहा कि किसानों की आर्थिक उन्नति का आधार कृषि है। इससे न सिर्फ किसानों को लाभ होगा, बल्कि विकास को भी गति मिलती है। उन्होंने किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने की सलाह दी। मेले में किसानों ने अपनी-अपनी समस्याएं भी रखी। जबकि वैज्ञानिकों द्वारा बेहतर खेती की विस्तृत जानकारी किसानों को दी गई। मेले में बीडीओ पूनम कुजुर, अंचल अधिकारी जय शंकर पाठक, प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी मो. नसीमुद्दीन अंसारी, बीटीएम बसंत रजक, मुखिया राजेश कुमार दांगी, पंचायत समिति सदस्य महादेव दांगी सहित किसान शामिल थे।