रांची। झारखंड में पदस्थापित भारतीय प्रशासनिक सेवा के एक अधिकारी को अतिरिक्त प्रभार और एक का तबादला किया गया है। परिवार कल्याण विभाग के अपर सचिव प्रभात कुमार को खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग का अपर सचिव बनाया गया है। वहीं झारखंड अन्वेषण एवं खनन निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक आकांक्षा रंजन को झारक्राफ्ट के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
झारखंड प्रशासनिक सेवा के 6 पदाधिकारी इधर से उधर
झारखंड प्रशासनिक सेवा के छह पदाधिकारियों का तबादला और पदस्थापन किया गया है। वहीं दो अधिकारियों के तबादले के आदेश को विलोपित किया गया है। इनमें उमा महतो डीआरडीए निदेशक सरायकेला के पद पर बने रहेंगे। वहीं, रजनी रेजीना इंदवार को सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी रांची के पद पर पदस्थापित करते हुये उनकी सेवा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग को सौंप दिया गया है। इस संबंध में कार्मिक विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है।
इनका हुआ तबादला
गोड्डा के अपर समाहर्ता मो.जियाउल अंसारी को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल रांची के आयुक्त के सचिव के पद पर पदस्थापित किया गया है। सुमन पाठक को राजस्व निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग रांची से हटाकर कृष्ण लोक प्रशासन संस्थान का उप निदेशक बनाया गया है। अमर कुमार को मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग का उप सचिव बनाया गया है। सीमा दीपिका टोप्पो को सिमडेगा का कार्यपालक दंडाधिकारी बनाया गया है। सिमडेगा के कार्यपालक दंडाधिकारी रेणु बाला की सेवा को बीडीओ के पद पर पदस्थापन के लिए ग्रामीण विकास विभाग झारखंड रांची को सौंपी गई है।