गोड्डा से अभय पलिवार की रिपोर्ट
गोड्डा: जिला के ललमटिया थाना के प्रभारी चंद्रशेखर सिंह पर गोली चलाने वाला कुख्यात अपराधी मानवेल हांसदा सैकड़ों मील दूर महाराष्ट्र के पुणे में छिपा हुआ था।
लेकिन पुलिस के लंबे हाथ से बच नहीं सका। करीब तीन माह तक पुलिस से लुकाछिपी का खेल खेलने वाला मानवेल अंततः जेल की सलाखों के पीछे पहुंच ही गया। जिला के पुलिस महकमा में जांबाज पुलिस अधिकारी के रूप में चर्चित ललमटिया के थाना प्रभारी चंद्रशेखर सिंह पर बीते अप्रैल माह के दूसरे सप्ताह में जानलेवा हमला किया गया था। थानेदार को निशाना बनाकर गोली चलाई गई थी।
इस हमले में थाना प्रभारी श्री सिंह बाल बाल बच गए थे। थाना प्रभारी को गोली मार कर मानवेल हांसदा एवं उसके साथी इस कोयलांचल में अपना आपराधिक वर्चस्व स्थापित करना चाहते थे, ताकि रंगदारी वसूली जा सके।
थानेदार पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गोली चलाने वाले एक अपराधी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। गिरफ्तार अपराधी से पूछताछ के क्रम में गोलीकांड में मानवेल हांसदा की संलिप्तता पायी गयी थी।
मानवेल हांसदा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के द्वारा एक टीम गठित गया था। पुलिस को जानकारी मिली थी कि गोली कांड को अंजाम देने के बाद मानवेल हांसदा महाराष्ट्र के पुणे में छिपा हुआ है। उसे पकड़ने के लिए एक टीम महाराष्ट्र भेजी गई।
टीम के द्वारा 6 जुलाई 23 को मानवेल हांसदा, पिता स्व बैंजामीन हांसदा, साकिन तालझारी, थाना ललमटिया को पुणे में गिरफ्तार किया गया और ट्रांजिट रिमांड कर ललमटिया थाना लाया गया। पुलिस के समक्ष स्वीकारोक्ति बयान में मानवेल हांसदा ने ललमटिया थाना कांड संख्या 8/23, जिसमें हिलारियुस हांसदा के ऊपर जान मारने के नियत से गोली मारने की घटना हुई थी, में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
साथ ही ललमटिया थाना कांड संख्या 37/23 के मृतक अनिल हेम्ब्रम की हत्या में भी साजिश कर्त्ता के रूप में अपनी संलिप्तता की बात स्वीकारी है। यह अपराधी ललमटिया एवं राजाभीठा थाना में दर्ज 11 मामलों का प्राथमिकी या अप्राथमिकी अभियुक्त है।
कौन कौन थे छापामारी दल में शामिल
थानेदार पर गोली चलाने के बाद महाराष्ट्र के पुणे में छिपे मानवेल हांसदा की गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीम में महागामा के
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव शंकर तिवारी, ललमटिया के थाना प्रभारी चन्द्रशेखर सिंह, ललमटिया थाना के पुलिस अवर निरीक्षक संतोष यादव एवं प्रवीण कुमार शामिल थे।