बोकारो से जय सिन्हा
बोकारो:जिले के चंदनकियारी प्रखंड में प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय वर्मा के नेतृत्व में गंगा (दामोदर) उत्सव की जागरूकता को लेकर शुक्रवार सुबह प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी प्लस टू विद्यालय से शुरू हुई और प्रखंड के विभिन्न चौक – चौराहों का परिक्रमा किया। इसमें स्थानीय कई विद्यालयों के बच्चे शामिल हुएं।
इस दौरान गंगा (दामोदर) स्वच्छता से सम्बंधित नारे लगाए गए एवं लोगों को गंगा (दामोदर) घाटों एवं इसके आसपास साफ-सफाई के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं, बेरमो अनुमंडल के नगर परिषद फुसरो क्षेत्र में भी विद्यालयों के छात्रों द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई। साथ ही दामोदर नदी किनारे स्थानीय लोगों की सहभागिता से गंगा उत्सव के तहत घाट किनारे स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। इसका नेतृत्व परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मनोज कुमार ने किया।
उपायुक्त कुलदीप चौधरी ने शुक्रवार को आगामी एक नवंबर से शुरू होने वाले गंगा उत्सव में ज्यादा से ज्यादा जन सहभागिता को लेकर आम जनों से अपील की है। उन्होंने कहा कि गिनीज़ बुक ऑफ वर्ल्ड रेकॉर्ड के लिए, नमामि गंगे विश्व कीर्तिमान बनाने जा रहा है। आप सभी जिलावासी इस एतिहासिक पल का हिस्सा बनें।