सरायकेला से भाग्य सागर सिंह की रिपोर्ट
सरायकेला: अक्सर पर्व त्योहारों में सभी अपने परिवार एवं मित्र रिश्तेदारों के साथ ही रहते हुए त्योहार मनाते हैं।
लेकिन होली के दिन सुबह साढ़े 9 बजे प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सरायकेला विजय कुमार अपनी धर्मपत्नी के साथ मंडल कारा सरायकेला पहुंचे। यह खबर आप झारखंड लेटेस्ट न्यूज पर पढ़ रहे हैं। होली के शुभ अवसर पर कारा के बन्दियों को उन्होंने होली की शुभकामनाएं दी।अपनी पत्नी संग उन्होंने महिला एवं पुरुष बन्दियों के बीच मिठाइयां बांटी।
महिला बन्दियों के बच्चों के बीच चॉकलेट बांटे। इस अवसर पर उनके साथ मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कवितांजलि टोप्पो एवं प्रभारी जेल अधीक्षक सत्येंद्र कुमार महतो भी मौजूद थे। इन लोगों ने भी बन्दियों को होली की शुभकामनाएं दी। सभी ने बन्दियों के बीच कुछ समय व्यतीत किया।
मौके पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने जेल प्रशासन द्वारा प्रदत कपड़े भी बन्दियों के बीच वितरित किए। उन्होंने बंदियों से जेल में सकारात्मक माहौल बनाए रखने का आह्वान किया, ताकि बंदी अपनी पिछली जिंदगी को भूल कर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़े।
उन्होंने कहा जेल में त्योहार मनाने का उद्देश्य यही है कि बंदियों पर इसका सकारात्मक असर हो और वह बुराई को छोड़ कर अच्छाई की दिशा में आगे बढ़ें। इससे बन्दियों की मानसिकता में बदलाव आएगा और अपराध करने की प्रवृत्ति दूर होगी।