वन महोत्सव का मुख्य समारोह जवाहर नवोदय विद्यालय मसरिया में किया जाएगा
गुमला: वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के निर्देश पर वन प्रमंडल कार्यालय गुमला द्वारा जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्र में कर्मवार वन महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
वन प्रमंडल पदाधिकारी श्रीकांत ने बताया कि कल 10 जुलाई को जवाहर नवोदय विद्यालय मसरिया में बिशुनपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए वन महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रचार्य डॉ.विश्वनाथ खिल्लर ने बताया कि वन महोत्सव का आयोजन वन प्रमंडल गुमला एवं जवाहर नवोदय विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वन महोत्सव के आयोजन के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर का चयन उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा के दिशा-निर्देश पर किया गया है।
वन महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में बिशुनपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक माननीय चमरा लिंडा तथा विशिष्ट अतिथि उपायुक्त गुमला शिशिर कुमार सिन्हा उपस्थित रहेंगे। वन प्रमंडल पदाधिकारी श्रीकांत के द्वारा वन महोत्सव की आवश्यकता एवं मानव जीवन के लिए वनों की उपयोगिता विषय पर फोकस किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि वन महोत्सव के द्वितीय एवं तृतीय चरण में गुमला विधानसभा एवं सिसई विधानसभा क्षेत्र में भी जुलाई माह में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। वन महोत्सव के अवसर पर पूरे जुलाई माह तक वन विभाग के द्वारा बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण का कार्यक्रम चलाया जाएगा।
बख्तर साय मुंडल सिंह प्रेक्षागृह में कृषि पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के सौजन्य से मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना तथा मत्स्य विकास योजना अंतर्गत लाभुकों के बीच परिसंपत्ति का वितरण किया जाएगा
10 जुलाई को जिला पशुपालन विभाग एवं मत्स्य पालन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से परिसंपत्ति वितरण का कार्यक्रम बख्तर साय मुंडल सिंह प्रेक्षागृह में किया जाएगा। जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ.मीनू शरण तथा जिला मत्स्य पदाधिकारी दीपक कुमार सिंह ने सुंक्त रूप से जानकारी दी कि जिले में पशुधन के विकास एवं मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पशुपालन एवं मत्स्य पालन के लाभुकों के बीच परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में कोविड-19 के दिशा-निर्देश को ध्यान में रखते हुए सीमित संख्या में लाभुकों को आमंत्रित किया गया है।