– डीडीसी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक
गोड्डा: उप विकास आयुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को जिले के विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 2022 के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। बताया गया कि मतदाता सूची का ड्राफ्ट पब्लिकेशन एक नवंबर 2021 को किया जाएगा। पुनरीक्षण कार्यक्रम 01 नवंबर से 30 नवंबर 2021 तक चलेगा। पुनरीक्षण अवधि में चार विशेष कैंप का आयोजन किया जाएगा जिसकी तिथि 20 नवंबर, 21 नवंबर, 27 नवंबर एवं 28 नवंबर 2021 निर्धारित है।
उपरोक्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग मतदाता हेतु विशेष कैंप का आयोजन 24 नवंबर को निर्धारित है। पुनरीक्षण अवधि के दौरान प्राप्त प्रपत्रों के निष्पादन की तिथि 20 दिसंबर 2021 तक निर्धारित है। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 05 जनवरी 2022 निर्धारित है।
बैठक में उपस्थित उप निर्वाचन पदाधिकारी अनिल टुडू ने बताया कि वैसे मतदाता जिसकी उम्र एक जनवरी 2022 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है या इससे अधिक है एवं मतदाता सूची में निबंधन हेतु अहर्ता रखते हैं, वह मतदाता सूची में निबंधन हेतु प्रपत्र 6 के माध्यम से संबंधित बीएलओ के पास अथवा अपने सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, जिला निर्वाचन कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। बताया गया कि मतदाता सूची में नाम विलोपन हेतु प्रपत्र 7 में, मतदाता सूची में अंकित प्रविष्टियों में हुए गलती यथा नाम, पिता,पति का नाम अथवा पता आदि में सुधार हेतु प्रपत्र 8 में तथा एक ही विधानसभा क्षेत्र में एक मतदान केंद्र से दूसरे मतदान केंद्रों में नाम स्थानांतरण हेतु प्रपत्र 8 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। सभी प्रकार के प्रपत्र जिला निर्वाचन कार्यालय, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी का कार्यालय, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी का कार्यालय एवं बीएलओ के पास से निशुल्क प्राप्त किया जा सकता है। सभी प्रकार के प्रपत्र मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी झारखंड रांची के वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज करने हेतु प्रपत्र 6 भरते समय मतदाता द्वारा अपने मोबाइल नंबर एवं ईमेल आईडी दिए जाने पर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचन से संबंधित गतिविधियों से अवगत कराया जा सकता है। मतदाता सूची में नाम निबंधन,सुधार करने एवं इससे संबंधित किसी प्रकार की सहायता एवं जानकारी हेतु जिले के टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है। बैठक में उपस्थित विभिन्न राजनीतिक दलों से पुनरीक्षण अवधि में बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करने हेतु बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति करने का अनुरोध किया गया। बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देश के आलोक में अब मतदाताओं को स्पीड पोस्ट के माध्यम से मतदाता पहचान पत्र वितरण किया जाएगा। बैठक में उपस्थित सभी दलों के प्रतिनिधियों को वोटर हेल्पलाइन मोबाइल ऐप (वीएचए) डाउनलोड करने एवं इसका वृहत रूप से प्रचार प्रसार किए जाने का अनुरोध किया।