– जिला स्थापना शाखा के प्रधान लिपिक को अवकाश ग्रहण करने पर कर्मचारी संघ द्वारा दी गई विदाई
गोड्डा:सोमवार को जिला स्थापना शाखा के प्रधान लिपिक रघुनंदन प्रसाद साह के अवकाश ग्रहण करने पर विदाई समारोह का आयोजन अनुसचिवीय कर्मचारी संघ, समाहरणालय संवर्ग द्वारा किया गया। मौके पर संघ के जिला मंत्री मुजाहिदुल इस्लाम ने कहा कि काम करने वाले कभी बूढ़ा नहीं होते।
बस लगन होना चाहिए। यह तो सरकारी नियम है कि एक नियत उम्र तक ही सरकारी सेवक होते हैं और उस उम्र में पहुंचने के बाद हर किसी को सेवानिवृत्त होने पड़ता है। श्री इस्लाम ने कहा कि आज दुःख की बात है कि गोड्डा समाहरणालय संवर्ग एक अनुभवी और विनम्र स्वभाव के वरिष्ठ सहकर्मी को विदा कर रहे हैं। वास्तव में वरीय सहकर्मी छोटे सहकर्मी के लिए एक साएदार पेड़ की तरह होते हैं, जो सिखाते भी हैं और बचाते भी। उन्होंने सेवानिवृत्त लिपिक श्री साह से भविष्य में भी अपना स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन देते रहने की अपील की।
मौके पर अनुप ज्ञानदेव बेसरा ने कहा कि आपने 33 वर्षों की बेदाग सेवा की। यह आपकी बड़ी उपलब्धि है। आशा करते हैं कि आप अब बाकी का समय अपने परिवार के साथ अच्छे से बिताएंगे, जो सेवा में रहते संभव नहीं हो सकता था। उन्होंने सेवानिवृत्त प्रधान लिपिक के दीर्घायु एवं स्वस्थ्य रहने की कामना की।
इस अवसर पर रघुनंदन प्रसाद साह ने कहा कि उनसे जो कुछ भी गलती हुई हो उसे क्षमा करेंगे। इस अवसर पर पुष्प एवं शॉल देकर सेवानिवृत्त हो रहे प्रधान लिपिक रघुनंदन प्रसाद साह को सम्मानित किया गया। मौके पर वीरेंद्र झा, मंजूर इलाही, सुनील कुमार मिश्र, मनोज पंडित, शम्भू कुमार, राजेश झा, शमशाद आलम, रूपम भारती, सरिता कुमारी, नौशाद आलम, उदय कांत पाठक, महेश कुमार, परमानंद साह आदि मौजूद थे।