खूंटी: खूंटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लगभग 12 लाख बाजार मूल्य का 14 किलो अवैध अफीम और 95 किलो अफीम डोडा के साथ नियरन मुंडू को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। नियरण मुंडू किसी अफीम तस्कर के पास अफीम बेचने की पूरी तैयारी कर चुका था।
अफीम तस्कर नियरन मुंडू को पुलिस ने अड़की थाना क्षेत्र के माइलपीड़ी गांव के घर से गिरफ्तार किया। खुंटी पुलिस लगातार अवैध अफीम की खरीद बिक्री करने वालों पर नकेल कस रही है।
खुंटी पुलिस ने लगातार अभियान चलाकर अबतक कुल 26 अफीम तस्करों को गिरफ्तार किया है। साथ ही 52 किलोग्राम अफीम तथा डेढ़ क्विंटल अफीम डोडा जब्त किया है। खुंटी पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत अबतक 21 मामले दर्ज किये हैं तथा 973 एकड़ अफीम की फसल को खेतों में नष्ट भी किया है।
खूंटी एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि अड़की थाना क्षेत्र के माइलपीड़ी इलाके में खेत से अफीम निकालने का कार्य किया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर एसपी आशुतोष शेखर के निर्देश पर एसडीपीओ अमित कुमार, एसएसबी 26 वीं बटालियन उलिहातू के सहायक कमाण्डेन्ट अजित कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में माइलपीड़ी इलाके में छापामारी अभियान चलाया गया। छापामारी टीम में एसएसबी 26 वीं बटालियन उलिहातू के निरीक्षक रणधीर कुमार, सहायक उपनिरीक्षक सुरजो लाल चकमा, अड़की थाना के पुअनि. शफीक खान, पुअनि. जयदेव कुमार सराक, पुअनि. विवेक कुमार महतो, सअनि. कमलेश चौधरी समेत SSB-26 बटालियन उलिहातू के सशस्त्र बल और अड़की थाना के सैट सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।