गोड्डा: राष्ट्रीय विभूति मंच के द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को जयंती तिथि पर श्रद्धा पूर्वक याद किया गया। मौके पर मंच के सचिव राजेश झा ने कहा कि
भारत में महात्मा गांधी, तुर्की में मुस्तफा कमाल पाशा, चीन में माओत्से तुंग , वियतनाम में होची मिन्ह, दक्षिण अफ्रीका के नेल्सन मंडेला अपने अपने देश में लोकप्रिय हैं, परंतु गांधीजी विश्व के सबसे अधिक लोकप्रिय नेता हैं। गांधी जी के शब्दों में ‘मेरा ग्राम स्वराज का अर्थ है प्रत्येक ग्राम एक पूर्ण गणराज्य हो, अपनी आवश्यकताओं के लिए पड़ोसी पर निर्भर न रहे। प्रत्येक गांव के लिए पहला काम होगा खाने पीने के लिए अन्न और कपड़ों के लिए रुई भी उत्पादन करना।’श्री झा ने कहा कि गांधी जी के सिद्धांतों को उनकी दो पुस्तकें हिंद स्वराज और सत्य के साथ मेरे प्रयोग को पढ़कर समझा जा सकता है।
उन्होंने कहा, लाल बहादुर शास्त्री ने सादा जीवन उच्च विचार को अपनाया। कृषि क्षेत्र को बढ़ावा दिया और जय जवान जय किसान का नारा दिया।
गोड्डा कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ श्यामा कांत झा ने कहा कि गांधीजी ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ आंदोलन छेड़ा और पूरे भारतवासी को एकत्रित कर अंग्रेजों को भारत छोड़ने पर मजबूर किया।
नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी गांधी जी के सपनों का भारत बनाने के लिए आत्मनिर्भर भारत एवं स्वच्छता का स्रोत जन – जन तक पहुंचा रहे हैं।
मौके पर मंच के सह संस्थापक एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सर्वजीत झा ने कहा कि गांधीजी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी यदि हम जीवन में सदा सत्य बोलें। कार्यक्रम को भाजपा के जिला अध्यक्ष राजीव मेहता एवं डॉ हरीश ने भी संबोधित किया। मौके पर माधव चौधरी , रामदेव सिंह, सीताराम राउत, सुरजीत झा, कृष्ण कन्हैया, गप्पू सिन्हा, पवन झा, वार्ड पार्षद गुणानंद झा, पिंकी देवी, अनिल मेहतर, नरेंद्र मिश्रा, शंकर सिंह बाघेला, प्रेमजीत साह आदि उपस्थित थे।