गोड्डा: जिला मुख्यालय के हाट परिसर स्थित राम जानकी मंदिर में सोमवार को टोटो रिक्शा चालक संघ की बैठक हुई। बैठक में शहर में विभिन्न स्थानों के लिए टोटो रिक्शा का भाड़ा तय किया गया। बैठक में नगर परिषद के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार उर्फ गुड्डू मंडल तथा उपाध्यक्ष वेणु चौबे भी उपस्थित थीं।
बैठक में मौजूद नगर परिषद के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि ई रिक्शा चालकों की सुविधा के लिए नगर परिषद की ओर से शहर में दो मुख्य स्थान पर चार्जिंग प्वाइंट की व्यवस्था जल्द की जाएगी। संघ स्थान चिन्हित कर नगर परिषद को जानकारी देगा। नगर परिषद की ओर से संगठन के पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चे टोटो नहीं चलाएं, इसका ध्यान रखा जाए। शहर के लोग सुरक्षित यात्रा कर सकें, इसकी जिम्मेवारी संगठन तय करे। बैठक में टोटो रिक्शा चालक संघ के संरक्षक निरंजन सिंह, अध्यक्ष अमरनाथ शाह, सिटी मैनेजर मुर्तजा अंसारी आदि उपस्थित थे।