खूंटी: खूंटी सिमडेगा रोड तोरपा प्रखंड के चुरगी नदी के पास आज शाम में हुई सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गयी। सभी ओड़िशा के राउरकेला के रहने वाले बताये जाते हैं। दुर्घटना में दो लोग घायल हैं, उन्हें तोरपा रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया । जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची रेफर कर दिया गया।
मृतकों में एक महिला, एक पुरुष और उनके दो बच्चे शामिल हैं। मृतकों की पहचान कन्हैया जैन, रमा जैन दोनों पति-पत्नी थे और उनके बच्चे 7 वर्षीय ऋषभ जैन, 3 वर्षीय बेटी नित्या जैन के रूप में की गई है। वहीं घायलों का नाम वंशिका जैन , वशिष्ठ जैन है। यह लोग रानीगंज बंगाल से राउरकेला उड़ीसा लौट रहे थे रास्ते में गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में गिर गई। घटनास्थल पर ही चार लोगों की मौत हो गई, शवों को बड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी से बाहर निकाला गया।