इटखोरी(चतरा)। इटखोरी प्रखंड मुख्यालय स्थित झंडा चैक पर पुलिस व प्रखंड प्रशासन के द्वारा सघन मास्क चेकिंग अभियान 8 अप्रैल को चलाया गया। चेकिंग अभियान के दौरान बिना मास्क वालों से जुर्माना वसूला गया। इस दौरान पुलिस ने दुपहिया, चार पहिया वाहनों के साथ अन्य राहगिरों का भी मास्क चेक किया तथा बिना मास्क पहनने वालों से पांच सौ रुपये का जुर्माना वसूला गया। अभियान उपायुक्त दिव्यांशु झा के दिशा निर्देश पर बीसीओ सह प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी जितेंद्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में चलाया गया। श्री वर्मा ने कहा कि कोरोना महामारी देश में फिर से पांव पसार रहा है। इसे देखते हुए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। मास्क नहीं पहनने वाले लोगों पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। इसलिए जरूरी है कि सभी लोग मास्क का नियमित उपयोग करें। जांच अभियान में एएसआई मदन कुमार सिंह, आदित्य प्रजापति, अजय कुमार समेत अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे।