पाकुडि़या : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पाकुड़ के तत्वावधान में ग्राम विकास व पर्यावरण कार्यक्रम के अंतर्गत ‘‘भूमि सुपोषण सामूहिक अभियान‘‘ के तहत प्रखंड के तेगुडि़या ग्राम में भूमि पूजन अनुष्ठान संपन्न हुआ। मौके पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक बिगेंद्र कुमार जी ने बताया कि अब संगठन किसानों के बीच पहुंचने की तैयारी में है। इसके लिए एक वृहद अभियान की कार्ययोजना बनाई गई है। इस नए अभियान का उद्देश्य किसानों की स्थिति को बेहतर बनाना है। इसके लिए संघ संस्थाओं, संगठनों और विशेषज्ञों की मदद भी लेगा। भूमि सुपोषण अभियान के जरिए संघ कहीं न कहीं किसानों के बीच पहुंचकर उनकी समस्या को जानेंगे। उन्होंने कहा कि संघ जैविक खेती से संबंधित योजना पर काम करेगा।संघ ने अपने 2021 के प्रतिवेदन के अनुरूप शारीरिक, बौद्धिक, सेवा, विशेष, संपर्क और प्रचार से जुड़े प्रमुख कार्य किए। मगर, इस बार विशेष तौर पर कृषि, किसान और गांव पर फोकस रखा जा रहा है। आने वाले दिनों में ग्राम विकास, ग्राम संकुल, ग्राम संस्कृति उत्सव और गौ-सेवा के क्षेत्र में कार्य प्रस्तावित हैं। गौरतलब है कि देशभर में किसान आंदोलनरत हैं। इस कार्यक्रम के जरिए संघ किसानों के बीच पहुँचकर अपनी पैठ मजबूत करने का भी काम करेगा। साथ ही यजमान के रूप में खंड कार्यवाह विनोद कुमार साहा एवं उनकी धर्मपत्नी कविता देवी, पर्यावरण जिला संयोजक श्री देवेंद्र वर्मा ,कृषक मित्र समेत अन्य कई परिवार उपस्थित हुए।