युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल डीजल की मूल्यों में वृद्धि के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन किया
पेट्रोलियम पदार्थों की वृद्धि के कारण खाद्य सामग्रियों की बढ़ गई है कीमत
कुजू। देश में पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस की मूल्यों में बेतहाशा वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित राज्यव्यापी आंदोलन के तहत शनिवार को कुजू डटमामोड स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के समक्ष युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। आयोजित विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव रियाज अहमद मौजूद थे। यूवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल के दामों में हो रही लगातार वृद्धि के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार से अविलंब पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों को कम करने की मांग करते हुए कहा कि मोदी सरकार देश हित में अविलंब पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस के दामों को कम करे। मौके पर युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव रियाज अहमद ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व व प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता पूरे देश में कोरोना महामारी के गाइडलाइन का पालन करते हुए पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस की कीमतों में अप्रत्याशित वृद्धि को लेकर धरना व विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। ताकि केंद्र की बहरी सरकार पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों को कम करे और देश वासियों को राहत दे।
साथ ही उन्होंने कहा कि जब से केंद्र में मोदी की सरकार आई है, तब से लगातार महंगाई चरम पर है। पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि हुई है। आज पेट्रोल-डीजल की कीमत ₹100 को भी पार करने वाली है, जिसका प्रतिकूल असर देश के आम लोगों पर पड़ रहा है। मोदी जी की गलत नीतियों के कारण आज देश के गरीब और मध्यम वर्ग लाचार व बेबस नज़र आ रहे है। मोदी जी की इस गरीब विरोधी नीति का कांग्रेस पार्टी पुरजोर विरोध करती है। वहीं अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के हजारीबाग लोकसभा प्रभारी शकील अहमद ने कहा कि भाजपा सरकार की अदूरदर्शी नीति के कारण आज पूरा देश महंगाई की चपेट में है। आज खाने पीने की वस्तुओं से लेकर अन्य सभी जरूरी सामानों के दाम आसमान छू रहे हैं। गरीबों के जेब पर डाका डाला जा रहा है। युवाओं को केंद्र सरकार नौकरी नहीं दे पा रही है। अर्थव्यवस्था का बुरा हाल है। इसलिए कांग्रेस पार्टी केंद्र सरकार के विरोध में प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन कर रही है। विरोध प्रदर्शन मे कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ हजारीबाग लोकसभा प्रभारी शकील खान, युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष रामगढ़ अकबर खान, मो. नौशाद, जिला अध्यक्ष सागर महतो, करण साव, आकाश ओझा, चितरपुर प्रखंड अध्यक्ष भोला करमाली, जिला उपाध्यक्ष सिंकू खान, अमाधिन चंद्रवंशी, रोशन चंद्रवंशी आदि लोग शामिल थे।