विजय कुमार की रिपोर्ट
मेहरमा : महागामा विधानसभा की विधायक दीपिका पांडेय सिंह को कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय समिति का सचिव एवं उत्तराखंड का सह प्रभारी बनाए जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में काफी हर्ष है। महागामा विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आम जनता भी अपने आपको गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
इसी कड़ी में शुक्रवार को मेहरमा प्रखंड परिसर में कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मौके पर सभी कार्यकर्ताओं ने विधायक दीपिका पांडेय सिंह को फूलों की माला एवं बुके देकर सम्मानित किया। मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरविंद झा ने कहा कि विधायक श्रीमती सिंह ने अपनी मेहनत के बल पर पार्टी की राष्ट्रीय समिति में पद हासिल किया है। राष्ट्रीय सचिव बनने पर उनका कद काफी बढ़ गया है। श्री झा ने विधायक श्रीमती सिंह के उज्जवल राजनीतिक भविष्य की कामना की।
इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह, कांग्रेस नेता शशांक शेखर राम, नंदू शेखर आजाद, नयन कुमार राम समेत दर्जनों कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद थे।
विधायक दीपिका पांडे सिंह को एआईसीसी का राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तराखंड का सह प्रभारी मनोनीत किए जाने पर कांग्रेस सहकारिता विभाग के जिला अध्यक्ष निसार अहमद ने भी खुशी का इजहार किया है।