सरायकेला से भाग्य सागर सिंह की रिपोर्ट
सरायकेला। पश्चिम सिंहभूम के सांसद गीता कोड़ा को प्रदेश कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बनाये जाने के बाद पहली बार क्षेत्र में आने पर जिला कांग्रेस द्वारा जगह जगह स्वागत किया गया। बनने के बाद जिले के सांसद गीता कोड़ा का भव्य स्वागत हुआ। इसी क्रम जिला मुख्यालय के बिरसा चौक में कांग्रेस जिला अध्यक्ष छोटेराय किस्कू के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। सोमवार अपराह्न लगभग 3:45 बजे के आसपास गीता कोड़ा बिरसा चौक पहुंची, सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा भी उनके साथ रहे। दोनों ने सर्वप्रथम भगवान बिरसा मुंडा के मूर्ति पर माल्यार्पण किया। मौके पर सांसद गीता कोड़ा ने कहा कि पार्टी द्वारा जो भी जिम्मेदारी दी गयी है उसे वे बखूबी ढंग से निभाएंगे। उनका प्रयास रहेगा कि संगठन में सभी कार्यकर्ताओं को समान मान सम्मान मिले। संगठन को और मजबूत बनाते हुए हर गांव तक कांग्रेसजनों की सक्रियता को बढ़ाने की दिशा में वे कार्य करेंगे। इस अवसर पर सरायकेला प्रखंड अध्यक्ष राहुल मोदी, राजनगर प्रखंड अध्यक्ष मनोज महतो एवं भरत महतो, महासचिव डोमन महतो, लाल बहादुर सिंहदेव, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सत्य किंकर दास, राज बागची सहित अन्य कांग्रेसी उपस्थित रहे।