रांची : भारतीय जनतंत्र मोर्चा के केन्द्रीय अध्यक्ष धर्मेंन्द्र तिवारी ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ छठ महापर्व के प्रथम दिन राँची के बड़ा तालाब, चडरी तालाब, जेल तालाब, बटन तालाब, चुटिया तालाब सहित राजधानी के प्रमुख जलाशयों का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई का जायजा लिया और भाजमो के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न जलाशयों के साफ-सफाई में अपना हाथ बँटाया। साफ-सफाई का अवलोकन करने के बाद श्री तिवारी ने पत्रकारों से कहा कि लोक आस्था के महापर्व छठ में स्थानीय प्रशासन एवं राँची नगर निगम की ओर से छठ घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सड़कों, नालियों की सफाई, ब्लिचिंग पाउडर का छिड़काव आदि जैसे कार्य समुचित ढंग से नहीं किये गये है। बल्कि यह अन्य दिनों की भांति सामान्य स्तर के ही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न हिन्दू संगठनों, पूजा समितियों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के स्वयंसेवको के अथक परिश्रम एवं सहयोग से जलाशयों में पड़े गंदगी के अंबार को बाहर निकाला जा रहा है और घाट किनारों की साफ-सफाई एवं शुद्धिकरण किया जा रहा है, जो काफी प्रशंसनीय एवं पुण्य कार्य है और ये सभी बन्धुगण बधाई के पात्र हैं। इस अवसर पर भाजमो के अध्यक्ष तिवारी ने बताया कि पार्टी के संरक्षक एवं मार्गदर्शक सरयू राय की प्रेरणा से राँची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो सहित राज्य के सभी जिलों में भारतीय जनतंत्र मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा छठ घाटों के साफ-सफाई कार्य में सहयोग एवं छठ पूजन सामग्री का निःशुल्क वितरण किया जा रहा है। श्री तिवारी के साथ सहयोग करनेवालों में मुख्य रूप से पार्टी महासचिव, आशीष शीतल मुंडा, डॉ. ओम प्रकाश पाण्डेय, नवेन्दु तिवारी, संजय दूबे, विकास कुमार बड़ाईक, श्याम बिहारी नायक भूपेंद्र यादव संतोष त्रिपाठी, विमलेश कुमार सिंह, सुशील कुमार, अशोक ठाकुर, अभिषेक सिंह शामिल थे।